कांवड़ यात्रा को लेकर ब्रजघाट में बिजली व्यवस्था का एमडी ने लिया जायजा                                                                                                                                                         रविश गुप्ता ने विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा और फील्ड टीमों की तैयारियां परखीं; अस्थायी कनेक्शन प्राथमिकता से देने के निर्देश                                                                                                                                                              मेरठ। पवित्र श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पीवीवीएनएल  के प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता ने ब्रजघाट, गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्थाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं को निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एमडी ने विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता, उपकेंद्रों की कार्यप्रणाली, ट्रांसफार्मरों की स्थिति, विद्युत लाइनों की सुरक्षा और संवेदनशील स्थानों पर किए गए सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने फील्ड टीमों की तैनाती और तैयारियों की भी जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए सभी उपकेंद्रों, फीडरों और विद्युत लाइनों की नियमित पेट्रोलिंग की जाए।

संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे निगरानीरविश गुप्ता ने निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों पर 24×7 निगरानी रखी जाए और किसी भी विद्युत फॉल्ट की सूचना मिलते ही फील्ड टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर न्यूनतम समय में समस्या का समाधान करे। नियंत्रण कक्षों को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने तथा प्राप्त शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।

अस्थायी कनेक्शन प्राथमिकता से देने के निर्देशएमडी ने कांवड़ यात्रा के दौरान लगाए जाने वाले शिविरों, सेवा केंद्रों और अन्य आवश्यक स्थलों पर अस्थायी विद्युत संयोजन प्राथमिकता के आधार पर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त होते ही अस्थायी कनेक्शन की प्रक्रिया को सरल, त्वरित और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही सभी अस्थायी विद्युत संयोजन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही दिए जाएं।

खुले तार और ढीले कनेक्शन तत्काल दुरुस्त हों

उन्होंने विद्युत सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष जोर देते हुए खुले जोड़, ढीले कंडक्टर, झूलते तार और अन्य संभावित खतरों को तत्काल चिन्हित कर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सभी फील्ड टीमों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण, अनुरक्षण सामग्री, वाहन और आपातकालीन संसाधनों के साथ तैयार रखने को कहा गया।

एमडी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस एवं जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ शिविरों, विश्राम स्थलों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विद्युत आपूर्ति की सतत निगरानी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि  पीवीवीएनएल  कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी अधिकारी और कर्मचारी यात्रा अवधि में सतर्कता के साथ कार्य करते हुए त्वरित फॉल्ट निस्तारण और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts