एसबीआई बैंक मित्र से डेढ़ लाख की लूट, बाइक से टक्कर मारकर बैग छीना
भावनपुर क्षेत्र में वारदात से मचा हड़कंप, पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
मेरठ। थाना भावनपुर क्षेत्र में मंगलवार रात बदमाशों ने एसबीआई बैंक मित्र से करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। वारदात पुलिस की ड्यूटी वाले स्थान से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित सुरेंद्र कुमार गर्ग मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे अब्दुल्लापुर स्थित एसबीआई बैंक मित्र प्वाइंट से लगभग 1.50 लाख रुपये लेकर गंगानगर की ओर जा रहे थे। वह हुसैनी चौक के पास अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने पहुंचे, तभी स्प्लेंडर बाइक सवार एक युवक ने कथित तौर पर उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
विरोध करने पर मारपीट, बैग लेकर फरार
पीड़ित के अनुसार, टक्कर का विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। इसी दौरान आरोपी ने अफरा-तफरी का फायदा उठाकर उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और बाइक से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित भावनपुर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। उन्होंने अज्ञात आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने, लूटी गई रकम बरामद करने और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर लूट की वारदात हुई, वहां से पुलिस की नियमित ड्यूटी का स्थान करीब 100 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस निगरानी मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल भावनपुर पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लूटी गई रकम बरामद की जाएगी।


No comments:
Post a Comment