धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सही, पहले लेते तो बेहतर होता: मायावती
जंतर-मंतर लाठीचार्ज पर कार्रवाई की मांग
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को उचित फैसला बताते हुए कहा कि यदि यह निर्णय पहले लिया जाता तो और बेहतर होता। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की।
शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने बयान में मायावती ने कहा कि देशभर के छात्र-छात्राओं और युवाओं के आंदोलन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा उचित कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में पुलिस की भूमिका की भी जवाबदेही तय करनी चाहिए।
बसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निहत्थे छात्र-छात्राओं पर बल प्रयोग किया गया, जिससे कई युवा घायल हुए। उन्होंने मांग की कि कथित लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान महिला छात्राओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक एवं आपराधिक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मायावती ने यह भी मांग की कि आंदोलन में शामिल छात्रों और युवाओं के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर और शिकायतें वापस ली जाएं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित न हो और उन्हें कानूनी प्रक्रियाओं का सामना न करना पड़े।
उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से अपील की कि वे अपने आंदोलन का किसी भी राजनीतिक दल द्वारा राजनीतिकरण न होने दें और अपने भविष्य को प्राथमिकता देते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखते रहें।


No comments:
Post a Comment