36 दिन बाद खत्म हुआ CJP का आंदोलन, सरकार ने मानीं प्रमुख मांगें; परीक्षा सुधार पर चार हफ्ते बाद फिर होगी वार्ता
नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर पिछले 36 दिनों से चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन शनिवार को समाप्त हो गया। केंद्र सरकार के साथ हुई वार्ता के बाद संगठन ने आंदोलन खत्म करने की घोषणा करते हुए देशभर के छात्रों से अपने घर लौटने की अपील की।
कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ हुई बैठक के बाद CJP प्रतिनिधि सौरभ दास और आशुतोष रांका ने बताया कि सरकार ने उनकी प्रमुख मांगों पर सहमति जता दी है। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, आंदोलनकारियों पर दर्ज मामलों की वापसी, भविष्य में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आश्वासन और मृतक छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग शामिल थी।
तीन दौर की वार्ता के बाद बनी सहमति
सरकार और CJP के बीच 20, 24 और 25 जुलाई को तीन दौर की बातचीत हुई। अंतिम बैठक में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया। CJP ने बताया कि सरकार ने मंगलवार तक सहमति के बिंदुओं को लिखित रूप में उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
परीक्षा सुधार के लिए पांच सूत्रीय प्रस्ताव
आंदोलन समाप्त करने के साथ CJP ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए सरकार को पांच सूत्रीय चार्टर भी सौंपा। इसमें राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) के स्थान पर स्वायत्त नेशनल टेस्टिंग कमीशन के गठन, परीक्षा संस्थाओं की नियमित ऑडिट, भर्ती प्रक्रिया तय समय में पूरी करने, पेपर लीक या परीक्षा रद्द होने की स्थिति में छात्रों को मुआवजा तथा ओएमआर और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में सुधार जैसे सुझाव शामिल हैं। इन प्रस्तावों पर चार सप्ताह बाद दोबारा बैठक करने पर भी सहमति बनी है।
सरकार ने दिया भरोसा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने सहित प्रमुख मांगों को स्वीकार किया गया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा सुधार संबंधी प्रस्तावों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी और इस संबंध में आगे की जानकारी CJP को दी जाएगी।
वहीं CJP प्रतिनिधि सौरभ दास ने कहा कि सरकार के साथ परीक्षा सुधार के मुद्दों पर संवाद जारी रहेगा, जबकि आशुतोष रांका ने इसे छात्रों के आंदोलन की बड़ी सफलता बताते हुए तत्काल प्रभाव से आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।


No comments:
Post a Comment