उत्तर भारत में मानसून फिर होगा सक्रिय: 30 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं और भूस्खलन की चेतावनी
नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम भारत में सुस्त पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ताजा पूर्वानुमान में 30 जुलाई तक उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
27 जुलाई से बढ़ेगा बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 26 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 27 से 30 जुलाई के बीच मानसून ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इन राज्यों में तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है। विभाग ने जलभराव, यातायात बाधित होने और निचले इलाकों में जलजमाव की आशंका जताई है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
आईएमडी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 से 30 जुलाई तक कई स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। विशेष रूप से 27 से 30 जुलाई के बीच बेहद भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके चलते उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बंद होने और नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है।
राजस्थान में तेज हवाओं के साथ बारिश
मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज एवं धूलभरी हवाएं चलने के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। वहीं पूर्वी राजस्थान में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
आईएमडी की लोगों से अपील
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, बिजली गिरने के समय खुले स्थानों से दूर रहने और अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर रखने और प्रशासन की सलाह का पालन करने को कहा गया है।


No comments:
Post a Comment