मुंबई में भारी बारिश का असर:
गुजरात, हरियाणा और राजस्थान रूट की कई ट्रेनें रद्द, कई रीशेड्यूल
मुंबई। लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव के कारण पश्चिमी रेलवे ने मुंबई, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर भारत की ओर जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द, रीशेड्यूल और शॉर्ट टर्मिनेट करने का फैसला किया है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस जांचने की अपील की है।
रेलवे के अनुसार, मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनस, दादर और वलसाड से संचालित कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। बारिश के चलते पटरियों पर जलभराव और परिचालन संबंधी दिक्कतों के कारण कई ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन बदले हुए समय पर किया जाएगा।
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में वलसाड–वडोदरा एक्सप्रेस, मुंबई सेंट्रल–ओखा एक्सप्रेस, दादर–अहमदाबाद एक्सप्रेस, मुंबई सेंट्रल–हापा एक्सप्रेस, दादर–एकता नगर एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस–भुज स्पेशल, मुंबई सेंट्रल–हिसार एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस, मुंबई सेंट्रल–इंदौर स्पेशल और बांद्रा टर्मिनस–अहमदाबाद एक्सप्रेस शामिल हैं।
वहीं रीशेड्यूल की गई ट्रेनों में बांद्रा टर्मिनस–हरिद्वार एक्सप्रेस, दादर–जोधपुर एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस–भावनगर एक्सप्रेस, मुंबई सेंट्रल–इंदौर एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस–श्रीगंगानगर एक्सप्रेस, बरौनी एक्सप्रेस, अमृतसर एक्सप्रेस, गोमती नगर स्पेशल, नई दिल्ली एक्सप्रेस, भुज एक्सप्रेस और जयपुर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें शामिल हैं, जिन्हें बदले हुए समय पर रवाना किया जाएगा।
इसके अलावा कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है। बांद्रा टर्मिनस–मडगांव एक्सप्रेस अब पनवेल से चलेगी, जबकि दादर–पोरबंदर एक्सप्रेस उधना से संचालित होगी। इसी तरह कुछ ट्रेनों का संचालन बोरीवली, सूरत, वडोदरा, बिलीमोरा और भेस्तान जैसे स्टेशनों तक ही सीमित रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि स्टेशन जाने से पहले NTES (नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम) ऐप या 139 हेल्पलाइन के माध्यम से ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि रद्द की गई ट्रेनों के टिकट का रिफंड आईआरसीटीसी के नियमों के अनुसार स्वतः यात्रियों के खाते में भेज दिया जाएगा।


No comments:
Post a Comment