मातृ शक्ति कॉन्क्लेव 2026:

 मलाबार ग्रुप ने अयोध्या में CSR परियोजनाओं के लिए आशय पत्र पर किए हस्ताक्षर

मेरठ। मलाबार ग्रुप ने अयोध्या में आयोजित मातृ शक्ति कॉन्क्लेव 2026 में भाग लेते हुए महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, भूख उन्मूलन और सामुदायिक विकास से जुड़ी विभिन्न कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन के साथ आशय पत्र (Letter of Intent) पर हस्ताक्षर किए।

अयोध्या जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कॉन्क्लेव में महिला नेतृत्वकर्ताओं, उद्यमियों, शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला नेतृत्व आधारित विकास और समावेशी समाज के निर्माण पर विचार-विमर्श करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में किया।

इस अवसर पर मलाबार ग्रुप के चेयरमैन एम.पी. अहमद ने कहा कि समूह का विश्वास समुदाय-केंद्रित और सतत सामाजिक पहलों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने में है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रस्तावित परियोजनाएं शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, भूख उन्मूलन और सामुदायिक विकास के प्रति समूह की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं तथा स्थानीय प्रशासन के सहयोग से इनका दीर्घकालिक सामाजिक प्रभाव सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम में मलाबार ग्रुप का प्रतिनिधित्व हेड-सीएसआर शबीर पी. और मलाबार गोल्ड एंड डायमंड्स के नॉर्थ रीजन के जनरल मैनेजर मनोज गौतम ने किया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की उपस्थिति में आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।

प्रस्तावित CSR परियोजनाओं के तहत 1,000 बच्चों के लिए 25 माइक्रो लर्निंग सेंटर, 'हंगर फ्री वर्ल्ड' पहल के अंतर्गत 500 लाभार्थियों को प्रतिदिन भोजन, 50 पेयजल सुविधाओं की स्थापना तथा 100 बालिकाओं को शैक्षिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

मलाबार ग्रुप का कहना है कि इन पहलों का उद्देश्य शिक्षा, पोषण और बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच बढ़ाकर अयोध्या क्षेत्र में समावेशी और सतत विकास को गति देना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts