कराची तट के पास लापता हुआ कार्गो विमान, पांच चालक दल के सदस्यों की तलाश जारी
कराची। पाकिस्तान के कराची तट के पास मंगलवार देर रात एक कार्गो विमान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची आ रहे इस विमान में पांच चालक दल के सदस्य सवार थे। विमान से संपर्क टूटने के बाद अरब सागर में बड़े स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, निजी कार्गो कंपनी K2 Airways का बोइंग 737 विमान रात करीब 9:18 बजे नेविगेशन सिस्टम में खराबी की सूचना देने के बाद अचानक तेजी से नीचे आने लगा। कुछ ही मिनटों में उसने दिशा बदली और रात 9:21 बजे कराची से लगभग 287 किलोमीटर पश्चिम में एयर ट्रैफिक कंट्रोल और रडार से उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया।
विमान के लापता होने के बाद पाकिस्तान ने तत्काल रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर सक्रिय कर दिया। खोज अभियान में पाकिस्तान नौसेना के युद्धपोत PNS Zulfiqar, वायुसेना के विमान, नौसेना का ATR विमान और पाकिस्तान नेशनल शिपिंग कॉर्पोरेशन का एक व्यापारी जहाज भी लगाया गया है। अरब सागर में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इंजन फेल होने की स्थिति में भी विमान कुछ दूरी तक ग्लाइड करता है, लेकिन इस मामले में विमान का तेजी से नीचे आना सामान्य नहीं माना जा रहा। ऐसे में हादसे के कारणों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल अधिकारियों ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और जांच जारी है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में मई 2020 में भी कराची के पास एक बड़ा विमान हादसा हुआ था, जिसमें 98 लोगों में से अधिकांश की मौत हो गई थी। फिलहाल लापता कार्गो विमान और उसमें सवार चालक दल के सदस्यों का पता लगाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।


No comments:
Post a Comment