लगातार बारिश से जर्जर दो मंजिला मकान ढहा, खेल रहे बच्चे बाल-बाल बचे
सदर बाजार के अरविंद पुरी टंकी मोहल्ले में हादसे से मचा हड़कंप, समय रहते टला बड़ा हादसा
मेरठ। लगातार हो रही बारिश के बीच सदर बाजार थाना क्षेत्र के अरविंद पुरी टंकी मोहल्ले में गुरुवार शाम एक जर्जर दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के पास बच्चे खेल रहे थे, लेकिन संयोगवश सभी सुरक्षित बच गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार तिवारी कैंपस निवासी जाहिद और इरशाद का यह मकान काफी समय से खाली पड़ा था। किराएदार पहले ही मकान खाली कर चुके थे। लगातार बारिश के कारण शाम करीब 6 बजे जर्जर भवन अचानक ढह गया।
मकान गिरते ही तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। उस समय मकान के पास खेल रहे बच्चों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मलबे का निरीक्षण किया। पुलिस ने यह सुनिश्चित किया कि मलबे के नीचे कोई व्यक्ति दबा न हो। किसी के हताहत नहीं होने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पुराने और जर्जर भवनों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन से शहर में ऐसे खतरनाक भवनों का सर्वे कराने, उन्हें चिह्नित करने और समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।


No comments:
Post a Comment