भारी बारिश के बीच बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश, सभी 14 जिलों में हाई अलर्ट
एमडी रवीश गुप्ता ने अधिकारियों को युद्ध स्तर पर काम करने के निर्देश दिए, उपभोक्ताओं से बरतने को कहा सावधानी
मेरठ। लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव के कारण प्रभावित विद्युत आपूर्ति को शीघ्र सामान्य करने के लिए विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने डिस्कॉम के सभी 14 जनपदों के अधिकारियों को युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के साथ ही सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में जलभराव के कारण 33 केवी एवं 11 केवी विद्युत लाइनें, उपकेंद्र और फीडर प्रभावित हुए हैं, वहां अतिरिक्त तकनीकी टीमों, पेट्रोलिंग दलों और ब्रेकडाउन गैंग की तैनाती कर फॉल्ट का तत्काल पता लगाया जाए तथा आवश्यक मरम्मत कार्य तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से स्वयं मौके पर रहकर विद्युत आपूर्ति सामान्य कराने को कहा।
उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए आवश्यकता पड़ने पर पंपों के माध्यम से उपकेंद्रों से पानी निकालने, विद्युत प्रतिष्ठानों को सुरक्षित रखने तथा क्षतिग्रस्त पोल, ट्रांसफार्मर और लाइनों की तत्काल मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन सुनिश्चित करने को कहा।
विद्युत निगम के अनुसार पिछले 24 घंटों में लगातार बारिश के कारण कई जिलों में 33 केवी और 11 केवी फीडरों पर ब्रेकडाउन की स्थिति उत्पन्न हुई। तकनीकी टीमें लगातार फील्ड में कार्यरत हैं। अधिकांश स्थानों पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि शेष प्रभावित क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य जारी है।
रवीश गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों से किसी भी स्थिति में समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य पूरी सतर्कता और सुरक्षा के साथ किए जाएं।
विद्युत निगम ने आम उपभोक्ताओं से भी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि टूटे हुए बिजली के तारों, झुके हुए विद्युत पोल, जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थित विद्युत उपकरणों तथा स्टे वायर से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। साथ ही जानवरों को बिजली के खंभों या स्टे वायर से न बांधें।
किसी भी विद्युत संबंधी समस्या की सूचना उपभोक्ता विद्युत हेल्पलाइन 1912 या टोल फ्री नंबर 1800-180-3002 पर अथवा संबंधित विद्युत अधिकारी को देकर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं।



No comments:
Post a Comment