ललिता गौतम हत्याकांड
बवाल के बाद गांव में पुलिस का पहरा, बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक; कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल आज करेगा पीड़ित परिवार से मुलाकात
मेरठ। ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर मेरठ में हालात संवेदनशील बने हुए हैं। कलेक्ट्रेट पर हुए प्रदर्शन और उसके बाद हुए बवाल के मद्देनजर प्रशासन ने मृतका के गांव थिरौट में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गांव के सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है तथा फिलहाल बाहरी लोगों और राजनीतिक दलों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
प्रशासन के अनुसार, गांव के बाहर पुलिसकर्मी तैनात हैं और आने-जाने वाले लोगों की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
उधर, कांग्रेस ने मामले की जांच के लिए 32 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया है, जो शुक्रवार को मेरठ पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगा। वहीं, नगीना सांसद एवं भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के भी पीड़ित परिवार से मिलने की संभावना है।
इस बीच, पूर्व आईपीएस एवं आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने पुलिस कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग और हिरासत में कथित मारपीट की स्वतंत्र जांच कराने तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है।
गौरतलब है कि 8 जुलाई को ललिता गौतम को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हो गया था। सड़क जाम होने के बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया। इस दौरान एसएसपी अविनाश पांडेय की कार्रवाई के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसके बाद यह मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया।
पुलिस ने इस मामले में सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज करते हुए 13 नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
वहीं, नामजद आरोपी दिग्विजय भाटी ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में खुद को निर्दोष बताते हुए कहा है कि यदि उनकी संलिप्तता साबित होती है तो वह हर सजा स्वीकार करेंगे। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment