ललिता गौतम हत्याकांड:

 प्रदर्शन पर लाठीचार्ज के बाद चंद्रशेखर आजाद का वीडियो वायरल, बोले- "मेरे भाइयों पर हाथ उठाकर गलती की"

मेरठ। ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर मेरठ कलेक्ट्रेट के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के बाद भीम आर्मी प्रमुख एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई और एसएसपी अविनाश पांडेय के कथित व्यवहार पर प्रतिक्रिया दी है।

वीडियो में चंद्रशेखर आजाद कहते हैं, "अगर बात सिर्फ मेरी होती तो मैं कुछ नहीं कहता, लेकिन आपने मेरे होते हुए मेरे भाइयों पर हाथ उठा दिया। मेरे लोग इसका जवाब वोट से देंगे।" उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया।

सूत्रों के अनुसार, चंद्रशेखर आजाद के मेरठ पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। संभावित दौरे की चर्चाओं के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मृतका के गांव थिरोट में बैरिकेडिंग कर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

उधर, प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर एसएसपी अविनाश पांडेय के खिलाफ अनुसूचित जाति आयोग में शिकायत किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं, विपक्षी दलों के कई नेताओं ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

दूसरी ओर, बड़ी संख्या में लोग सोशल मीडिया पर एसएसपी की कार्रवाई का समर्थन भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने आवश्यक कदम उठाए और समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया, जिससे संभावित तनाव को बढ़ने से रोका जा सका।

फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन सतर्क है और जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts