बारिश के बीच ईओ ने संभाली कमान, बंद नाले खुलवाकर बहाल कराई जल निकासी

मानसून की पहली बारिश के बाद सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, जलभराव रोकने के दिए निर्देश

डिबाई। मानसून की पहली बारिश के बाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अरविंद मिश्रा ने बुधवार शाम कस्बे की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर नालों की स्थिति का जायजा लिया और जहां भी अवरोध मिला, वहां तत्काल कार्रवाई कराई।

निरीक्षण के दौरान रेलवे रोड स्थित केआईसी कॉलेज तथा कुसहा रोड पर नाले बंद होने की सूचना मिलने पर अधिशासी अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की टीम को बुलाकर बंद नालों को तत्काल खुलवाया, जिससे जल निकासी व्यवस्था सुचारु हो सकी।

अरविंद मिश्रा ने सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। उन्होंने नालों और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा जल निकासी व्यवस्था को निरंतर सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने बताया कि बारिश से पहले ही नगर के प्रमुख और बड़े नालों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। इसके बावजूद पहली बारिश में जिन स्थानों पर नाले अवरुद्ध मिले, वहां तत्काल कार्रवाई कर जल निकासी बहाल कर दी गई।

अधिशासी अधिकारी ने कहा कि पूरे मानसून के दौरान सफाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और जलभराव अथवा नालों के अवरुद्ध होने की किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नागरिकों को बारिश के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts