66 वर्षों बाद बदली डीएवी जूनियर हाई स्कूल की तस्वीर, जीर्णोद्धारित भवन और स्मार्ट क्लास का लोकार्पण

सीडीओ नूपुर गोयल ने किया उद्घाटन, वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को मिलेगी आधुनिक शिक्षा की सुविधा

मेरठ। सदर स्थित डीएवी जूनियर हाई स्कूल, बॉम्बे बाजार में 66 वर्षों बाद विद्यालय के जीर्णोद्धारित भवन एवं आधुनिक स्मार्ट क्लास का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नूपुर गोयल (आईएएस) ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार अग्रवाल ने की, जबकि प्रबंधक विजय शरण ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन मनीष मंगल ने किया।

वर्ष 1960 में स्थापित विद्यालय की स्थापना में प्रथम प्रधानाचार्य परमात्मा शरण, प्रबंध समिति के तत्कालीन अध्यक्ष पंडित शिवदयाल तथा लक्ष्मी नारायण प्रेम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने वाले इस विद्यालय में वर्ष 2005 से जून 2025 तक कोई उल्लेखनीय भवन निर्माण कार्य नहीं हुआ। वर्ष 2025 में प्रबंध समिति के पुनर्गठन के बाद प्रधानाचार्या डॉ. तनु पुरी के प्रयासों तथा समाज के सहयोग से विद्यालय का व्यापक जीर्णोद्धार कराया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए आधुनिक स्मार्ट क्लास की सुविधा भी विकसित की गई।

मुख्य अतिथि नूपुर गोयल ने कहा कि जूनियर हाई स्कूल स्तर की शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव होती है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक और अच्छे संस्कार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने स्मार्ट क्लास को विद्यार्थियों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसे सामाजिक न्याय की दिशा में सराहनीय पहल बताया।

इस अवसर पर विवेक कुमार गर्ग ने कहा कि शिक्षा समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है। उनके अनुसार विद्यालय का जीर्णोद्धार केवल भवन का नवीनीकरण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य में किया गया महत्वपूर्ण निवेश है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से ऐसे विद्यालयों के विकास में सहयोग करने का आह्वान किया।

विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार अग्रवाल ने विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले सभी समाजसेवियों का आभार व्यक्त किया। वहीं प्रबंधक विजय शरण ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए भविष्य में भी विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद, अभिभावक, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह के अंत में अतिथियों ने विद्यालय परिसर और स्मार्ट क्लास का निरीक्षण कर विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts