मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग बैच का शुभारंभ
डीएम बोले- सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास जरूरी
मेरठ। सर छोटू राम इंजीनियरिंग कॉलेज, मेरठ में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग बैच का सेमिनार एवं उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ तैयारी करने का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवा अपने भविष्य को भाग्य के भरोसे न छोड़ें। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का आधार कठोर परिश्रम, निरंतर अभ्यास और स्पष्ट लक्ष्य होता है। उन्होंने कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है और लगातार प्रयास करने वाले विद्यार्थी ही सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं।
उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद में कार्यरत प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समय-समय पर विद्यार्थियों के लिए 30 से 35 मिनट की विशेष कक्षाएं आयोजित कराई जाएं, ताकि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा मिलती रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए अपनी रुचि के विषयों का नियमित अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन के प्रति गंभीर रहने और सही रणनीति के साथ तैयारी करने की सलाह दी।
अपर नगर आयुक्त ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को पूर्व वर्षों के प्रश्नपत्रों का अध्ययन करने, परीक्षा पैटर्न को समझने और नियमित अभ्यास के साथ मॉक टेस्ट देने की सलाह दी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) पूजा सेहरावत ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयां किसी विद्यार्थी की सफलता में बाधा नहीं बन सकतीं। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिस्थितियों को प्रेरणा के रूप में लेकर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, कॉलेज के निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास), जिला समाज कल्याण अधिकारी, विषय विशेषज्ञ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment