महिलाओं को सिर्फ 100 रुपये फीस में आईटीआई में प्रवेश का मौका

सरकार की पहल से आत्मनिर्भर बनेंगी बेटियां, 3224 संस्थानों में शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया

मेरठ। महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियां मात्र 100 रुपये आवेदन शुल्क देकर आईटीआई के विभिन्न ट्रेड में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगी। प्रदेश में पहली बार सभी श्रेणियों की महिलाओं के लिए आवेदन शुल्क इतना कम किया गया है।

इससे पहले सामान्य और ओबीसी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों को 250 रुपये तथा एससी-एसटी वर्ग की महिलाओं को 150 रुपये आवेदन शुल्क देना होता था। शासन के इस फैसले से आईटीआई सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया में महिला अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रदेश में 292 राजकीय और 2932 निजी आईटीआई संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। राजकीय आईटीआई में प्रशिक्षण शुल्क पहले से ही न्यूनतम है। वहीं, प्रदेश में 12 आईटीआई संस्थान विशेष रूप से महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सामान्य और ओबीसी वर्ग में पंजीकरण शुल्क 300 रुपये तथा एससी-एसटी वर्ग के लिए 250 रुपये निर्धारित है।

चार अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन

आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। अभ्यर्थी राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि चार अगस्त निर्धारित की गई है। पंजीकरण की अंतिम तिथि के दो दिन बाद तक आवेदन में संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा।

मेरिट के आधार पर मिलेगा प्रवेश

आईटीआई में प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। ट्रेड की योग्यता के अनुसार आठवीं और 10वीं के अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। पहले चरण में ऑनलाइन सीट आवंटन किया जाएगा। आवेदन के समय अभ्यर्थियों को आईटीआई के तीन विकल्प देने होंगे।

पहले विकल्प में राजकीय और पीपीपी मॉडल आईटीआई, दूसरे विकल्प में निजी आईटीआई तथा तीसरे विकल्प में राजकीय और निजी दोनों संस्थानों का चयन किया जा सकेगा।

स्थानीय अभ्यर्थियों को 75 फीसदी सीटों पर प्राथमिकता

सत्र 2026-27 में राजकीय और पीपीपी मॉडल आईटीआई की 75 फीसदी सीटों पर संबंधित जिले के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह व्यवस्था एनसीवीटी और एससीवीटी से मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रमों पर लागू होगी।

आईटीआई की स्थिति एक नजर में

  • प्रदेश में 290 राजकीय आईटीआई
  • 38 आईटीआई पीपीपी मॉडल के तहत
  • 2932 निजी आईटीआई संस्थान
  • 12 आईटीआई केवल महिलाओं के लिए आरक्षित
  • राजकीय आईटीआई में 1,35,119 सीटें
  • निजी आईटीआई में 3,43,568 सीटें

No comments:

Post a Comment

Popular Posts