कर वसूली में सुस्ती पर डीएम सख्त, अधिकारियों को चेतावनी

कांवड़ यात्रा से पहले बिजली, सफाई और जलनिकासी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

मेरठ, 16 जुलाई। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में कर-करेत्तर, राजस्व संग्रह एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य न होने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कर एवं राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए और निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में विद्युत, बाट-माप, स्टाम्प एवं निबंधन, वाणिज्य कर, प्रवर्तन, खनन, परिवहन, वन विभाग, मंडी, नगर निगम, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।

बाट-माप विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने प्रतिष्ठानों पर नियमित जांच अभियान चलाने और घटतौली के मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्रवाई की नियमित रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने को कहा।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर विशेष जोर

आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को ढीले बिजली के तार, क्षतिग्रस्त पोल, खराब ट्रांसफार्मर और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं वन विभाग को यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पेड़ों की छंटाई कराने को कहा।

नगर पालिका और नगर पंचायतों को प्रकाश व्यवस्था, सफाई, नालों की सफाई, सड़क मरम्मत, पार्कों के सौंदर्यीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। वर्षा ऋतु के मद्देनजर जलभराव वाले क्षेत्रों में अग्रिम तैयारी करने और अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करें

जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर नगर निकायों द्वारा किए जा रहे कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर सत्यापन करें तथा जहां कोई कार्य अधूरा हो, उसे तत्काल पूरा कराया जाए। साथ ही सभी नगर निकायों को किसी एक सड़क, पार्क या सार्वजनिक स्थल को मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना तैयार कर कांवड़ यात्रा के बाद उस पर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को कर एवं राजस्व प्राप्ति बढ़ाने तथा राजस्व वादों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी (भू-अध्याप्ति) नवीन चन्द्र, सभी उप जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts