पेपर लीक गैंग को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा: पीएम मोदी

 लोक परीक्षा संशोधन विधेयक पारित होने के बाद जारी किया वीडियो संदेश

नई दिल्ली। लोक परीक्षा (संशोधन) विधेयक को संसद के दोनों सदनों से मंजूरी मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि सरकार देश में भरोसेमंद, पारदर्शी और नकल मुक्त परीक्षा व्यवस्था बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि पेपर माफिया, प्रश्नपत्र लीक करने वाले गिरोह और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोक परीक्षा संशोधन विधेयक तैयार करते समय राज्यों के सुझावों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से केंद्र और विभिन्न राज्य सरकारें पेपर लीक जैसी गंभीर समस्या से जूझ रही हैं। ऐसे में परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानून जरूरी था।

प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले दो दिनों में संसद के दोनों सदनों में विधेयक पर विस्तार से चर्चा हुई और बड़ी संख्या में सांसदों ने इसमें भाग लिया। चर्चा के बाद दोनों सदनों ने सख्त प्रावधानों वाले विधेयक को पारित कर दिया। उन्होंने कहा कि यह देश में भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पेपर माफिया पर होगी सख्त कार्रवाई

पीएम मोदी ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक कराने वाले गिरोह और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश से जो वादा किया था, उसे पूरा करते हुए पेपर लीक जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कानून को मजबूत किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का काम केवल कानून बनाने तक सीमित नहीं है। परीक्षा प्रणाली को लगातार बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसी व्यवस्था उपलब्ध कराना है, जिसमें उनकी मेहनत और प्रतिभा के आधार पर उन्हें अवसर मिले।

विकसित भारत के लिए मजबूत शिक्षा व्यवस्था जरूरी

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि देश ऐसी परिस्थितियों को लंबे समय तक जारी नहीं रहने देगा, जिनसे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने देशवासियों से विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मिलकर काम करने की अपील की।

पीएम मोदी ने कहा कि सभी को कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ना होगा, ताकि देश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत, पारदर्शी और भरोसेमंद बन सके।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts