मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय 'यूनी मेंटर स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27' का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। खेल महोत्सव का उद्देश्य शिक्षकों के बीच शारीरिक सक्रियता, स्वस्थ जीवनशैली, टीमवर्क, आपसी समन्वय और सौहार्दपूर्ण वातावरण को बढ़ावा देना है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. सरताज अहमद, डॉ. ससीराज तेवतिया और डॉ. प्रदीप राघव मौजूद रहे। विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू अधिकारी ने अतिथियों का पौधा भेंटकर स्वागत किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद अतिथियों ने फीता काटकर खेल महोत्सव का उद्घाटन किया तथा रस्साकशी प्रतियोगिता के साथ प्रतियोगिताओं की शुरुआत कराई।
प्रतियोगिता में फैकल्टी ऑफ लॉ, सुभारती डेंटल कॉलेज, सुभारती पॉलिटेक्निक कॉलेज, पन्ना धाय माँ सुभारती नर्सिंग कॉलेज, सुभारती कॉलेज ऑफ एलाइड हेल्थ केयर, फैकल्टी ऑफ साइंस, महावीर सुभारती कॉलेज एवं हॉस्पिटल ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज तथा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग सहित विभिन्न संस्थानों के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रोमांचक मुकाबलों के बाद रस्साकशी प्रतियोगिता में फैकल्टी ऑफ साइंस ने प्रथम, पन्ना धाय माँ सुभारती नर्सिंग कॉलेज ने द्वितीय तथा सुभारती पॉलिटेक्निक कॉलेज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे खेल आयोजन शिक्षकों में सहयोग, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों के नियमित आयोजन पर बल दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. मंजू अधिकारी, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. दीपक राघव, डॉ. अतुल तिवारी, डॉ. निशांत कुमार, शुभम राठी और शरद पंवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


No comments:
Post a Comment