जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने किया निरीक्षण, त्वरित और स्थायी समाधान के निर्देश
मेरठ, 9 जुलाई। लगातार हो रही बारिश के बीच कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने गुरुवार को शहर के विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, तत्काल राहत कार्य तेज करने और स्थायी समाधान के लिए प्रभावी योजना बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ कैंट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जाकिर हुसैन, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, कैंट बोर्ड, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने बेगमपुल, जली कोठी, ईव्स चौराहा, पटेल नगर, थापर नगर, सदर, लालकुर्ती, रजबन और गंगानगर सहित कई क्षेत्रों का दौरा कर जलभराव की स्थिति और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था की जाए। साथ ही नालों और नालियों की नियमित सफाई कराने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
अमित अग्रवाल ने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बारिश के दौरान लोगों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में हर साल जलभराव की समस्या सामने आती है, वहां केवल अस्थायी उपायों के बजाय स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई की जाए। जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करना प्रशासन और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी और आवश्यक स्थानों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।


No comments:
Post a Comment