एनएमआईपीएल ने भारत में किया नई निसान टेक्टोन का वर्ल्ड प्रीमियर, प्रीमियम सी-एसयूवी सेगमेंट में नई पेशकश
नोएडा। निसान मोटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एनएमआईपीएल) ने भारत में आयोजित वर्ल्ड प्रीमियर के दौरान अपनी नई प्रीमियम सी-एसयूवी निसान टेक्टोन से पर्दा उठाया। कंपनी ने इसे अपने उत्पाद विस्तार अभियान का अहम कदम बताते हुए कहा कि नई एसयूवी आधुनिक तकनीक, दमदार प्रदर्शन और प्रीमियम सुविधाओं के साथ भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित की गई है।
कंपनी के अनुसार, नई निसान टेक्टोन अपने सेगमेंट की पहली एसयूवी है, जिसके सभी वेरिएंट 100 प्रतिशत टर्बोचार्ज्ड इंजन लाइन-अप के साथ उपलब्ध होंगे। इसमें 280 एनएम का टॉर्क, गूगल बिल्ट-इन कनेक्टिविटी और 700 लीटर का क्लास-लीडिंग बूट स्पेस जैसी कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं।
वर्ल्ड प्रीमियर के अवसर पर निसान के चीफ परफॉर्मेंस ऑफिसर गुइलॉम कार्टियर ने कहा कि कंपनी भारत में अपनी उपस्थिति को और मजबूत बनाने के लिए लगातार निवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि नई टेक्टोन निसान की वैश्विक तकनीक और भारतीय ग्राहकों की जरूरतों का बेहतर समन्वय है, जो भविष्य के लिए कंपनी की प्रतिस्पर्धी रणनीति को दर्शाती है।
निसान के एएमआईईओ क्षेत्र के चेयरपर्सन मैसिमिलानो मेसिना ने कहा कि भारत निसान की वैश्विक विकास रणनीति का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। उन्होंने बताया कि टेक्टोन कंपनी की 'वन कार, वन वर्ल्ड' अवधारणा पर आधारित है। इसकी इंजीनियरिंग और निर्माण भारत में किया गया है तथा इसे घरेलू बाजार के साथ कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी निर्यात किया जाएगा।
निसान और इनफिनिटी के मिडिल ईस्ट, केएसए, इंडिया एवं सीआईएस क्षेत्र के डिवीजनल वाइस प्रेसिडेंट थियरी सबाग ने कहा कि टेक्टोन कंपनी की एसयूवी क्षमताओं का नया उदाहरण है। आधुनिक डिजाइन, प्रीमियम फीचर्स और उन्नत तकनीक से लैस यह मॉडल भारतीय ग्राहकों की बदलती अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
निसान मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक सौरभ वत्स ने कहा कि भारत में कंपनी की वापसी अब नए चरण में पहुंच रही है। बेहतर उत्पाद रणनीति, डीलर नेटवर्क के विस्तार और ग्राहकों की जरूरतों की समझ के आधार पर टेक्टोन को विकसित किया गया है। इसमें आकर्षक डिजाइन, प्रीमियम इंटीरियर, स्मार्ट टेक्नोलॉजी, दमदार परफॉर्मेंस और दैनिक उपयोग की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।
चेन्नई स्थित निसान के विनिर्माण संयंत्र में तैयार की जाने वाली टेक्टोन का निर्यात भी कई देशों में किया जाएगा। कंपनी का मानना है कि यह मॉडल भारतीय बाजार में उसकी एसयूवी पहचान को और मजबूत करेगा तथा वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में भारत की भूमिका को नई मजबूती प्रदान करेगा।


No comments:
Post a Comment