रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज में 'इंटरव्यू में सफलता' पर दो दिवसीय ओरिएंटेशन शुरू
मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के विजुअल आर्ट (ड्राइंग एंड पेंटिंग) विभाग की ओर से छात्राओं के व्यक्तित्व विकास एवं करियर निर्माण के उद्देश्य से दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम "Preparing Yourself for Interview Success" का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के संरक्षण में रवीन्द्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक क्लब, इनोवेशन काउंसिल, इंडियन नॉलेज सिस्टम (आईकेएस) सेल तथा करियर एवं काउंसलिंग सेल के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को रोजगार एवं प्रतियोगी साक्षात्कारों के लिए तकनीकी, व्यवहारिक और मानसिक रूप से तैयार करना है। प्रथम दिवस विभागाध्यक्ष प्रो. अर्चना रानी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक योग्यता ही नहीं, बल्कि प्रभावी व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और बेहतर संवाद कौशल भी सफलता की अनिवार्य शर्त हैं।
डॉ. नाज़िमा इरफ़ान ने साक्षात्कार में पूछे जाने वाले व्यावहारिक एवं मनोवैज्ञानिक प्रश्नों के उत्तर देने की तकनीक बताई, जबकि डॉ. पूनम लता सिंह ने औपचारिक पहनावे, अनुशासन और समय की पाबंदी के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. गरिमा कुमारी ने बायोडाटा, रेज़्यूमे और सीवी के बीच का अंतर स्पष्ट करते हुए इनके सही उपयोग की जानकारी दी। वहीं डॉ. हिना यादव ने छात्राओं को समसामयिक विषयों की जानकारी रखने और तकनीकी रूप से अपडेट रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दूसरे दिन विशेष 'हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस' सत्र आयोजित होगा, जिसमें छात्राएं कंप्यूटर की सहायता से स्वयं अपना रेज़्यूमे एवं सीवी तैयार करना सीखेंगी। इस व्यावहारिक प्रशिक्षण का उद्देश्य उन्हें रोजगार की तैयारी के लिए तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विशेषज्ञों से इंटरव्यू कौशल, व्यक्तित्व विकास तथा करियर से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।


No comments:
Post a Comment