सूरजकुंड पार्क में फटा तिरंगा लहराने से लोगों में नाराजगी, नगर निगम पर उठे सवाल
मेरठ। शहर के ऐतिहासिक सूरजकुंड पार्क में फटा हुआ राष्ट्रीय ध्वज लहराने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी है। लोगों ने इसे राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
पार्क परिसर में लगा तिरंगा कई स्थानों से फटा हुआ दिखाई दिया। इसे लेकर लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा उसके रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होती है। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर फटे हुए ध्वज का लहराना लापरवाही को दर्शाता है।
सूरजकुंड पार्क शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सुबह और शाम सैर के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद फटे हुए तिरंगे पर समय रहते किसी अधिकारी या कर्मचारी की नजर न पड़ना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि फटे हुए राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक हटाकर उसकी जगह नया तिरंगा लगाया जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति न हो, इसके लिए नियमित निरीक्षण और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


No comments:
Post a Comment