आज हरियाली का महाअभियान: मेरठ में 30.83 लाख पौधों से हरित होगा जनपद

- हस्तिनापुर में विकसित होंगे महाभारत वाटिका, कपि वन, अन्नपूर्णा वन और अविरल धारा वन
- जल शक्ति एवं जल संसाधन राज्य मंत्री दिनेश खटीक करेंगे अभियान का शुभारंभ

मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'एक पेड़ मां के नाम' वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत रविवार को मेरठ जनपद में हरियाली का महाअभियान आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वन विभाग एवं विभिन्न विभागों की ओर से जिलेभर में 30 लाख 83 हजार 600 पौधे लगाए जाएंगे। अभियान को लेकर जिला प्रशासन और वन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मुख्य कार्यक्रम महाभारतकालीन धरा हस्तिनापुर में आयोजित होगा, जहां उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति एवं जल संसाधन राज्य मंत्री दिनेश खटीक मुख्य अतिथि के रूप में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित प्रदेश के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने पौधों की उपलब्धता, विभागवार लक्ष्य, वृक्षारोपण स्थलों तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण सुनिश्चित हो सके।

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगा पौधारोपण

अभियान में जिले के मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में पौधारोपण करेंगे। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रभागीय निदेशक, मेरठ ने बताया कि जिन विभागों से मांग पत्र प्राप्त हो चुके हैं, उन्हें इंडेंट जारी कर आवश्यक संख्या में पौधे उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभियान की निगरानी के लिए शासन स्तर पर लोक निर्माण विभाग के सचिव अनिल चौहान को मेरठ का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

नगर निगम और विकास प्राधिकरण को मिली जिम्मेदारी

जिलाधिकारी ने नगर निगम मेरठ और मेरठ विकास प्राधिकरण को मेरठ कैंट क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों के पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थल चयनित कर उसकी सूचना प्रभागीय निदेशक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सभी नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में एक-एक स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

हर घंटे होगी अभियान की मॉनिटरिंग

अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए सुबह छह बजे से प्रत्येक वृक्षारोपण स्थल से गड्ढों की खुदाई, पौधारोपण तथा फोटो सहित प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक घंटे मेरठ स्थित कंट्रोल रूम को भेजी जाएगी। इसके माध्यम से पूरे अभियान की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।

हस्तिनापुर में विकसित होंगे चार विशेष वन

मुख्यमंत्री के हरित प्रदेश अभियान के तहत महाभारतकालीन धरा हस्तिनापुर में 165 हेक्टेयर क्षेत्र में महाभारत वाटिका, कपि वन, अन्नपूर्णा वन और अविरल धारा वन विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा गंगा एक्सप्रेसवे, कान्हा उपवन, परीक्षितगढ़, जानी तथा जिले के अन्य स्थानों पर भी बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हरित क्षेत्र का विस्तार और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts