'दुल्हनिया ले आएगी' का नया वेडिंग एंथम 'जलवा' रिलीज, खुशाली कुमार के डांस और अंदाज ने बिखेरा रंग

मुंबई। आगामी फैमिली एंटरटेनर फिल्म 'दुल्हनिया ले आएगी' का नया वेडिंग सॉन्ग 'जलवा' रिलीज हो गया है। हाई-एनर्जी बीट्स, रंग-बिरंगे विजुअल्स और शादी के जश्न से भरपूर यह गीत इस वेडिंग सीजन का नया पसंदीदा ट्रैक बनने की ओर बढ़ रहा है। गाने में अभिनेत्री खुशाली कुमार का दमदार डांस और आत्मविश्वास से भरा अंदाज दर्शकों को खासा पसंद आ रहा है।

'जलवा' में खुशाली कुमार की शानदार स्क्रीन प्रेजेंस और आकर्षक डांस मूव्स शादी और संगीत समारोह के उत्साह को जीवंत बनाते हैं। निर्माताओं का दावा है कि यह गीत हर वेडिंग प्लेलिस्ट की पहली पसंद बन सकता है।

इस गीत को जाज़िम शर्मा और सुवर्णा तिवारी ने अपनी आवाज़ दी है। संगीत जाज़िम शर्मा का है, जबकि बोल जे.पी. गंगवार ने लिखे हैं। पंजाबी हुक एकम मानुके ने तैयार किया है। संगीत संयोजन अंशुमान शर्मा ने किया है, वहीं बैंजो पर नासिर और ढोलक पर राहुल कथक ने संगीत को पारंपरिक रंग दिया है।

गाने को लेकर खुशाली कुमार ने कहा कि "'जलवा' सुनते ही लगा कि इसमें एक यादगार वेडिंग सॉन्ग बनने के सभी तत्व मौजूद हैं। यह जोश, खुशी और हर दुल्हन के आत्मविश्वास का उत्सव है। इसकी शूटिंग हमारे लिए बेहद यादगार रही और उम्मीद है कि दर्शक भी इस पर खूब थिरकेंगे।"

फिल्म के निर्देशक आकाशादित्य लामा ने कहा कि "'जलवा' फिल्म की रंगीन और उत्सवपूर्ण भावना को पूरी तरह दर्शाता है। हमारी कोशिश थी कि ऐसा गीत बनाया जाए जिसे सुनते ही हर कोई डांस करने लगे। खुशाली की ऊर्जा, संगीत और कोरियोग्राफी ने इसे खास बना दिया है।"

सिद्धार्थ बनर्जी, आकाशादित्य लामा और विकास अग्रवाल द्वारा निर्मित 'दुल्हनिया ले आएगी' में खुशाली कुमार के साथ पियूष मिश्रा और महेश मांजरेकर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। इससे पहले फिल्म का गीत 'कर ले शादी' भी दर्शकों की सराहना बटोर चुका है। यह फैमिली एंटरटेनर फिल्म 24 जुलाई, 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts