महावीर विश्वविद्यालय में ‘फैकल्टी ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ से शिक्षकों को मिली नई दिशा


NEP-2020, शोध, नवाचार और डिजिटल शिक्षण पर हुआ मंथन, कुलपति प्रो. (डॉ.) सर्वोत्तम दीक्षित ने शिक्षकों को दिए रचनात्मक सुझाव

मेरठ। महावीर विश्वविद्यालय में 23 और 24 जुलाई को फैकल्टी ओरिएंटेशन प्रोग्राम (FOP) 2026-27 का आयोजन उत्साह और प्रभावी सहभागिता के साथ किया गया। कुलपति प्रो. (डॉ.) सर्वोत्तम दीक्षित के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को विश्वविद्यालय के विजन, मिशन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020), शोध, नवाचार एवं संस्थागत नीतियों से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम में विभिन्न संकायों एवं विभागों के नव नियुक्त और कार्यरत शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की। शिक्षकों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता, अध्यापन अनुभव, शोध कार्य, विशेषज्ञता एवं भविष्य की योजनाओं से संबंधित प्रस्तुतियां दीं। इससे शिक्षकों के बीच विचारों के आदान-प्रदान के साथ अंतर्विषयक सहयोग को भी बढ़ावा मिला।

कुलपति प्रो. (डॉ.) सर्वोत्तम दीक्षित ने सभी शिक्षकों की प्रस्तुतियों को ध्यानपूर्वक सुना और उनके विचारों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे ओरिएंटेशन कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक विकास, आत्मविश्वास और शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, परिणाम आधारित शिक्षा (OBE), शोध एवं नवाचार, गुणवत्ता आश्वासन, डिजिटल शिक्षण, बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR), संस्थागत प्रशासन और व्यावसायिक नैतिकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। इन सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को ज्ञानवर्धक जानकारी प्राप्त हुई और उनके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास को नई दिशा मिली।

इस अवसर पर कुलाधिपति, कुलपति, कुलसचिव, विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण एवं विश्वविद्यालय के सभी संकायों के शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षण, शोध, नवाचार और संस्थागत विकास के प्रति प्रेरित करने तथा विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की संस्कृति को और सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts