सहारनपुर के युवा नेता प्रशांत चौधरी समर्थकों सहित रालोद में शामिल
नई दिल्ली। सहारनपुर के युवा गुर्जर नेता प्रशांत चौधरी (तितरो) ने मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) की सदस्यता ग्रहण कर ली। नई दिल्ली स्थित 25, तुगलक रोड पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, युवा लोकदल के क्षेत्रीय अध्यक्ष असद चौधरी तथा हरियाणा एवं जम्मू-कश्मीर के प्रदेश प्रभारी विनय प्रधान भी मौजूद रहे।
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद प्रशांत चौधरी ने कहा कि वह चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व तथा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के किसान, युवा और समाजहित के विचारों से प्रेरित होकर राष्ट्रीय लोकदल से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि वह संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
प्रशांत चौधरी सहारनपुर के एक प्रमुख गुर्जर परिवार से आते हैं। वह पूर्व विधायक डॉ. सुशील गुर्जर के भतीजे हैं। उनके परिवार का क्षेत्र में लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक प्रभाव रहा है। परिवार के वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय चौधरी यशपाल सिंह पूर्व सांसद रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनके रालोद में शामिल होने से सहारनपुर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी को संगठनात्मक मजबूती मिल सकती है।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय लोकदल नेतृत्व ने प्रशांत चौधरी और उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा।


No comments:
Post a Comment