मानसून से पहले नोएडा में डीएम मेधा रूपम का बड़ा एक्शन
जलभराव-टूटी सड़कें और अतिक्रमण पर सख्ती
नोएडा: आगामी मानसून को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने शहर की तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों और उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जलभराव, टूटी सड़कों, सीवरेज और अतिक्रमण से जुड़े मुद्दों पर प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में पिछले एक सप्ताह के दौरान किए गए विकास एवं मरम्मत कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। इसमें सेक्टर-115 और सेक्टर-49 की सड़कों की मरम्मत तथा बंद पड़े सीवरेज सिस्टम को चालू करने जैसे कार्य शामिल रहे। इन प्रयासों पर संतोष जताते हुए उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने जिला प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण के समन्वित कार्यों की सराहना की।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले शहर की सभी प्रमुख आधारभूत समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर में कोई भी जर्जर या टूटी सड़क नहीं रहनी चाहिए। सभी गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और बंद पड़े सीवरेज व नालों को चालू किया जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो।
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल ने तिगड़ी गोलचक्कर पर अवैध रेहड़ी-पटरी के कारण लगने वाले जाम और अव्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद प्रशासनिक टीम ने तिगड़ी गोलचक्कर से अवैध रेहड़ी-पटरियों को हटाकर मार्ग को साफ कराया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, डिप्टी कमिश्नर (प्रशासन), राज्य कर विभाग अजीत कुमार सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment