यूपी में मानसून की रफ्तार तेज, 30 शहरों में झमाझम बारिश; सभी 75 जिलों में अलर्ट


सहारनपुर में उफनाई शाकंभरी नदी, वाराणसी के घाटों पर झरने जैसा बहा बारिश का पानी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, मुरादाबाद समेत करीब 30 शहरों में बारिश हुई। वाराणसी के घाटों की सीढ़ियों से बारिश का पानी झरने की तरह बहता नजर आया, जबकि शामली में कई सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 8 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

बीती रात पीलीभीत में तेज बारिश के बाद एक मगरमच्छ तालाब से निकलकर गांव में पहुंच गया। ग्रामीणों ने उसे रस्सी से बांध दिया, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित नदी में छोड़ दिया।

वहीं, मां शाकंभरी देवी मंदिर के पास बहने वाली शाकंभरी नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने लाउडस्पीकर से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।

अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के उत्तरी ओडिशा तट पार कर दक्षिणी झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास सक्रिय होने से प्रदेश में मानसून मजबूत हुआ है। इसके प्रभाव से कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

राजधानी लखनऊ में सुबह से बादल छाए रहे और करीब 11 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।

रामपुर के बिलासपुर क्षेत्र में भी सुबह करीब 9 बजे तेज बारिश शुरू हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान है।

उधर, चित्रकूट में झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। उमस से लोगों को राहत मिली, हालांकि कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts