कांवड़ यात्रा में बदली ट्रैफिक व्यवस्था: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की एंट्री बंद
4 अगस्त से दिल्ली, गढ़ और हापुड़ रोड पर वन-वे; हाईवे के सभी कट सील, इमरजेंसी वाहनों के लिए विशेष पास
मेरठ। कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर मेरठ पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून हाईवे पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। फिलहाल हल्के वाहनों का संचालन जारी रहेगा। वहीं, मेरठ शहर और हाईवे के सभी प्रमुख कटों को भी सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है।
एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि 4 अगस्त से दिल्ली रोड, गढ़ रोड और हापुड़ रोड पर वन-वे व्यवस्था लागू होगी। एक तरफ कांवड़ियों का आवागमन रहेगा, जबकि दूसरी तरफ सीमित संख्या में वाहनों का संचालन कराया जाएगा। यातायात व्यवस्था को कांवड़ियों की संख्या और सुरक्षा स्थिति के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा।
कांवड़ पटरी मार्ग पर सभी वाहन प्रतिबंधित
कांवड़ पटरी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके विपरीत दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर और गंगा एक्सप्रेसवे पर सामान्य यातायात जारी रहेगा, क्योंकि इन मार्गों पर कांवड़ियों का आवागमन नहीं है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली रोड, दिल्ली-देहरादून हाईवे, हापुड़ रोड, रुड़की रोड और गढ़ रोड के सभी प्रमुख कट बंद कर दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए एटीएस और इंटेलिजेंस की टीमें भी गोपनीय तरीके से निगरानी कर रही हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आवश्यक होने पर ही घर से निकलें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
इमरजेंसी सेवाओं के लिए विशेष पास
कांवड़ यात्रा के दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक सेवाओं को प्रभावित न होने देने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष पास जारी किए हैं। पूरी यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी पुलिस लाइन स्थित केंद्रीय कमांड एंड कंट्रोल रूम से की जा रही है।
इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
- दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा से सहारनपुर-देहरादून जाने वाले वाहन ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का इस्तेमाल करेंगे।
- गंगा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन सिंभावली, डासना और खेकड़ा इंटरचेंज के जरिए आगे जा सकेंगे।
- मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए हापुड़ बाईपास, किठौर, परीक्षितगढ़ और मवाना मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
भैंसाली बस अड्डे का संचालन भी बदला
कांवड़ यात्रा के दौरान भैंसाली बस अड्डे का संचालन अस्थायी रूप से सोहराब गेट बस अड्डे से किया जाएगा। बागपत, बड़ौत, सरधना, शामली, मवाना, हस्तिनापुर, बिजनौर समेत विभिन्न रूटों की रोडवेज और निजी बसों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक प्रस्थान स्थल निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी लें और भीड़भाड़ वाले मार्गों से बचते हुए निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।


No comments:
Post a Comment