कांवड़ यात्रा: रोडवेज का रूट प्लान जारी
2 अगस्त से सोहराब गेट बस अड्डे से संचालित होंगी सभी बसें
मेरठ। कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने बस संचालन का नया रूट प्लान जारी कर दिया है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 2 अगस्त से भैंसाली, मेरठ डिपो और सोहराब गेट डिपो की सभी बसों का संचालन केवल सोहराब गेट बस अड्डे से किया जाएगा।
एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि दिल्ली-रुड़की हाईवे और मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया गया है। फिलहाल हल्के वाहन चलेंगे, लेकिन 4 अगस्त से दिल्ली हाईवे, दिल्ली रोड, गढ़ रोड और हापुड़ रोड पर वन-वे व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। एक ओर से कांवड़ियों की आवाजाही होगी, जबकि दूसरी ओर से दोनों दिशाओं में वाहनों का संचालन कराया जाएगा। दिल्ली-दून इकोनॉमिक कॉरिडोर और गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य रहेगा और इन मार्गों पर कांवड़ियों का प्रवेश नहीं होगा।
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान लागू ट्रैफिक डायवर्जन को देखते हुए विभिन्न मार्गों की बसों को वैकल्पिक रास्तों से संचालित किया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले बसों के प्रस्थान स्थल और रूट की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन और रोडवेज विभाग ने कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इन रूटों पर ऐसे चलेंगी बसें
हरिद्वार रूट की 34 बसें सोहराब गेट से तेजगढ़ी, बीएनजी स्कूल कट, गंगानगर, मवाना, मीरापुर, बिजनौर, नजीबाबाद और चंदक होकर हरिद्वार जाएंगी।
मेरठ-अफजलगढ़-काशीपुर की 6 बसें तेजगढ़ी, गंगानगर, मवाना, मीरापुर, बिजनौर और अफजलगढ़ होकर काशीपुर पहुंचेंगी।
हरिद्वार, हल्द्वानी, टनकपुर और रामनगर की 13 बसें तेजगढ़ी, जेल चुंगी, गंगानगर, बिजनौर, अफजलगढ़, काशीपुर होते हुए आगे जाएंगी।
अमरोहा-नौगांव की 7 बसें बिजनौर और उमरी चौराहा होकर संचालित होंगी।
संभल, चंदौसी, वजीरगंज और इस्लामनगर की 4 बसें गढ़मुक्तेश्वर, स्याना, बुलंदशहर और अनूपशहर के रास्ते जाएंगी।
दिल्ली आनंद विहार-बरेली, रुपैडिया-गोरखपुर की 4 बसें बदले हुए मार्ग से दिल्ली, बुलंदशहर, बदायूं और बरेली होकर जाएंगी।
दिल्ली आनंद विहार-गोंडा की 2 बसें भी इसी वैकल्पिक मार्ग से संचालित होंगी।
दिल्ली-हरिद्वार की 10 बसें हापुड़, दिल्ली कश्मीरी गेट और वापस मेरठ होकर मवाना, बिजनौर, नजीबाबाद से हरिद्वार जाएंगी। आगरा और मथुरा जाने वाली बसों के लिए भी विशेष डायवर्जन लागू किया गया है।
आनंद विहार-हरदोई की 2 बसें किठौर, हापुड़, अलीगढ़ के रास्ते हरदोई जाएंगी।
मुरादाबाद की 3 बसें बिजनौर मार्ग से संचालित होंगी।
बुलंदशहर, खुर्जा, जहांगीराबाद, स्याना, अनूपशहर और सपनावत की 52 बसें किठौर और हापुड़ के रास्ते चलेंगी।
आगरा जाने वाली बसें अलीगढ़ बाईपास से होकर जाएंगी, जबकि मथुरा जाने वाली बसें मथुरा पुल के नीचे से सीधे अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।


No comments:
Post a Comment