ईशा कोप्पिकर ने बॉलीवुड के मापदंड पर उठाए सवाल
मुंबई । बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर अक्सर सामाजिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखने के लिए जानी जाती हैं। इस बार उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में उम्र और महिलाओं को लेकर मौजूद 'दोहरे मापदंड' पर सवाल उठाए हैं।
ईशा का कहना है कि फिल्मों में बड़ी उम्र के पुरुष कलाकारों का अपने से काफी कम उम्र की अभिनेत्रियों के साथ रोमांस करना सामान्य माना जाता है, लेकिन जब कोई महिला अपनी बढ़ती उम्र के बावजूद आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान जीती है, तो उसे उसकी उम्र का एहसास कराया जाता है।
ईशा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा, ''यह बहुत अजीब बात है कि एक पुरुष की बढ़ती उम्र को अनुभव कहा जाता है, जबकि एक महिला की बढ़ती उम्र को समस्या बना दिया जाता है। फिल्मों में हम अक्सर देखते हैं कि हीरो अपनी आधी उम्र की लड़कियों के साथ रोमांस करते हैं और इसे पूरी तरह सामान्य माना जाता है।''
उन्होंने आगे कहा, ''लेकिन अगर कोई महिला स्टाइलिश हो, अपनी बात खुलकर रखे और अपनी पहचान को जीती है, तो उससे कहा जाता है कि 'अब आपकी उम्र हो गई है, अपनी उम्र के हिसाब से व्यवहार कीजिए।' जबकि सच यह है कि समय के साथ महिला कमजोर नहीं होती, बल्कि और ज्यादा समझदार बनती है। उसका आत्मविश्वास बढ़ता है। उसकी खूबसूरती सिर्फ चेहरे में नहीं, बल्कि उसके जीवन के सफर में दिखाई देती है। चेहरे की झुर्रियां सिर्फ उम्र नहीं बतातीं, बल्कि उसके संघर्ष, अनुभव और जीवन की कहानी भी बयां करती हैं।"


No comments:
Post a Comment