गुरुग्राम में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दीपक नांदल गैंग के चार शूटर ढेर
गुरुग्राम। शहर के पॉश इलाके सुशांत लोक फेज-2 में गुरुवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दीपक नांदल गैंग के चार कथित शूटर मारे गए, जबकि एक घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, दीपक नांदल गैंग से जुड़े पांच हथियारबंद बदमाश एक प्रॉपर्टी कारोबारी से रंगदारी वसूलने की नीयत से उसके घर पहुंचे थे। कारोबारी को विदेश में बैठे इनामी गैंगस्टर दीपक नांदल की ओर से काफी समय से रंगदारी की धमकियां मिल रही थीं। बदमाशों ने घर के बाहर पहुंचकर फायरिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान पहले से अलर्ट गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच और अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने बदमाशों को घेरकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस पर ही गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में 60 से अधिक राउंड फायर होने की बात सामने आई है।
मुठभेड़ में चार बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पांचवां बदमाश घायल है और एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
वहीं, मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि दीपक नांदल गैंग लंबे समय से व्यापारियों से रंगदारी मांगने और धमकाने की वारदातों में सक्रिय रहा है। पूरे मामले की जांच जारी है और गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।


No comments:
Post a Comment