राष्ट्रीय लोकदल व्यापार प्रकोष्ठ मेरठ की जिला कार्यकारिणी घोषित, व्यापारियों की समस्याओं को उठाने पर रहेगा फोकस
मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल व्यापार प्रकोष्ठ मेरठ की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा गुरुवार को दिल्ली रोड स्थित होटल मयूर डीलक्स में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान की गई। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुलाम मोहम्मद और अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र खजूरी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसान, व्यापारी, युवा और समाज के सभी वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है। संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
जिला अध्यक्ष अभि सिंघल ने कहा कि व्यापार प्रकोष्ठ का उद्देश्य संगठन का विस्तार करने के साथ-साथ व्यापारियों की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रकोष्ठ लगातार कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय लोकदल प्रदेश में लगातार मजबूत हो रहा है। व्यापार प्रकोष्ठ जिले के प्रत्येक नगर, कस्बे और बाजार तक संगठन का विस्तार करेगा और अधिक से अधिक व्यापारियों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का प्रयास करेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।
कार्यक्रम में विनय प्रधान, विवेक गुरप्रीत, हेमंत, शुभम, नीरज, मनुल दिलप्रीत और अक्षय मलिक सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment