कोचिंग नहीं, स्कूल बना सफलता की कुंजी!
मेरठ के अभिनव अग्रवाल ने नीट 2026 में 665 अंक हासिल कर रचा नया कीर्तिमान
मेरठ। प्रतिभा, मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर बड़ी सफलता हासिल करने वाले मेरठ के छात्र अभिनव अग्रवाल ने नीट 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में से 665 अंक प्राप्त किए हैं। इस उपलब्धि के साथ वह मेरठ के टॉप स्कोरर्स में शामिल हो गए हैं। उनकी सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने किसी भी ऑफलाइन, ऑनलाइन या स्थानीय कोचिंग संस्थान का सहारा लिए बिना यह मुकाम हासिल किया है।
अभिनव अग्रवाल सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल (CVPS) के छात्र हैं। उन्होंने अपनी पूरी तैयारी स्कूल के 'इंटीग्रेटेड स्टार कोर्स' के माध्यम से की। 11वीं और 12वीं के दौरान उनकी उपस्थिति 95 प्रतिशत से अधिक रही और उन्होंने नियमित रूप से स्कूल जाकर शिक्षकों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
स्कूल के फाउंडर एवं सीईओ (इंटीग्रेटेड स्टार कोर्स) डॉ. आर्यन अग्रवाल ने बताया कि अभिनव को स्कूल में वन-टू-वन मेंटरशिप, नियमित शैक्षणिक मार्गदर्शन और परीक्षा की तैयारी के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए। इसी कारण उन्हें किसी बाहरी कोचिंग संस्थान की आवश्यकता नहीं पड़ी।
डॉ. आर्यन अग्रवाल ने कहा कि लंबे समय से यह धारणा रही है कि सीवीपीएस से मुख्य रूप से जेईई में चयन होता है, लेकिन अभिनव ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया कि सही शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिलने पर स्कूल स्तर से ही नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में भी उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि छात्र और अभिभावक केवल कोचिंग संस्कृति पर निर्भर रहने के बजाय स्कूल आधारित समग्र शिक्षा पर भी भरोसा करें। यदि विद्यालय में बेहतर शिक्षण, अनुशासन और व्यक्तिगत मार्गदर्शन मिले तो छात्र बिना अतिरिक्त कोचिंग के भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
अभिनव अग्रवाल की उपलब्धि उन हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और सही दिशा में निरंतर प्रयास किसी भी बड़ी परीक्षा में सफलता की मजबूत नींव बन सकते हैं।


No comments:
Post a Comment