बेडरूम में चल रही अवैध असलाह फैक्ट्री

तीन आरोपी गिरफ्तार, चार पिस्टल व उपकरण बरामद

दिल्ली, हरियाणा समेत कई गिरोहों को होती थी सप्लाई

मेरठ। शहर में तहखाने के बाद अब बेडरूम के अंदर असलाह बनाने का कारखाना चलता मिला है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर के भाई समेत तीन आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। चार पिस्टल और अन्य उपकरण बरामद किए गए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित हथियार तस्कर अनिल बंजी समेत कई गिरोह को भी पिस्टल की सप्लाई दे चुके है। हरियाणा, दिल्ली और आसपास के जनपदों में पिस्टल 25 हजार का बेचा जा रहा था। सिर्फ कारखाने में पिस्टल ही तैयार किए जाते थे।

पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि लिसाड़ीगेट पुलिस ने जामिया चौक से हिस्ट्रीशीटर नईमुद्दीन के भाई वसीम को गिरफ्तार किया है। वसीम घर के अंदर बेडरूम में असलाह का कारखाना संचालित कर रहा था। आफताब निवासी हुमायूं नगर पिस्टल तैयार करता था, जबकि नदीम निवासी चमड़ा पैठ लोहियानगर निवासी पिस्टल बनाने का सामान बाजार से लाता था। नईमुद्दीन और जफर हथियारों की सप्लाई विभिन्न गिरोह को करते थे।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वसीम के घर पर छापा मारा। वहां बेडरूम के अंदर हथियार बनाने का कारखाना संचालित होता मिला था। मौके से चार पिस्टल और पांच अधबने पिस्टल बरामद किए। उसके साथ ही पिस्टल बनाने का सामान और मशीनें भी बरामद की गईं। आरोपित पिछले काफी दिनों से घर के अंदर कारखाना संचालित कर रहा है। बताया जाता है कि मेरठ, नोएडा, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद और बागपत के अलावा दिल्ली और हरियाणा में भी हथियारों की सप्लाई कर चुके हैं। हथियार तस्कर अनिल बंजी और सलमान गिरोह को भी हथियार की सप्लाई दे चुके हैं। बताया जाता है कि कारखाने में सिर्फ पिस्टल ही तैयार करते थे। पिस्टल की कीमत 25 हजार रुपये तय की हुई थी। पुलिस की टीम नईमुद्दीन और जफर की तलाश कर रही है।

एक महीने में ही 30 पिस्टल कर चुके हैं सप्लाई

दिल्ली, हरियाणा में एक महीने में आरोपित 30 पिस्टलों की सप्लाई दे चुके हैं। उनका जुड़ाव कई गिरोह से होना सामने आ रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि नईमुद्दीन और वसीम पहले भी जेल जा चुके है। वसीम ने बेडरूम के अंदर हथियार बनाना इसलिए शुरू किया था, ताकि पुलिस से बच सकें, जबकि हथियारों की सप्लाई दूसरे स्थान से दी जाती थी। पकड़े गए आरोपित स्कूटी में हथियार रखकर आसपास के जनपदों में सप्लाई करते थे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts