लश्कर का टॉप कमांडर जाकिर गनी ढेर, शव बरामद
शोपियां में सुरक्षाबलों की कार्रवाई, आतंकी के पास से हथियार मिले
एजेंसी | श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक टॉप कमांडर को मार गिराया है। मारे गए आतंकी की पहचान जाकिर अहमद गनी के रूप में हुई है। सुरक्षाबलों ने मौके से उसका शव और हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के मीमंदर इलाके में 3 जुलाई से तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। यह अभियान क्षेत्र के सात गांवों में सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि एसओजी शोपियां ने सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और सीआरपीएफ के साथ संयुक्त अभियान में एक लश्कर आतंकी को मार गिराया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मारा गया आतंकी प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर था। अधिकारियों के मुताबिक, 26 वर्षीय जाकिर गनी कुलगाम जिले के मोतलहामा क्षेत्र का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार, गनी 27 सितंबर 2023 को शटरिंग के काम के लिए डियालगम जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार की तलाश के बाद 3 अक्टूबर 2023 को कुलगाम थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
अधिकारियों के मुताबिक, बाद में जाकिर गनी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) में शामिल हो गया था।


No comments:
Post a Comment