करंट से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
बचाने के प्रयास में एक-एक कर बिजली की चपेट में आए परिवार के सदस्य
सतारा। महाराष्ट्र के सतारा जिले में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। करंट लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दंपति और उनके दो बच्चे शामिल हैं।
घटना फलटण तालुका के खामगांव गांव में सुबह करीब छह बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार के सदस्य घर के बाहर गिरे बिजली के तार के संपर्क में आ गए, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा।
फलटण थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मौके पर घर के बाहर बिजली का तार पड़ा मिला है। आशंका है कि परिवार का कोई एक सदस्य पहले तार की चपेट में आया होगा और उसे बचाने के प्रयास में बाकी सदस्य भी करंट की चपेट में आ गए।
हादसे में सतीश उर्फ पिसुर्दया किसन शिंदे (45), उनकी पत्नी गंगू शिंदे (40), बेटे सचिन शिंदे (26) और बेटी आरती शिंदे (24) की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment