बारिश ने रोका फाइनल, आईटीआई और एलाइट क्रिकेट एकेडमी बनीं संयुक्त विजेता
मेरठ। 15वें विवेक पाण्डेय मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सीनियर वर्ग का फाइनल बुधवार को बारिश की भेंट चढ़ गया। मुकाबला पूरा नहीं हो पाने के कारण आईटीआई क्रिकेट एकेडमी और एलाइट क्रिकेट एकेडमी को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया।
एलाइट क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 202 रन बनाए। निखिल ने 44 और विश्व ने 40 रन की उपयोगी पारियां खेलीं, जबकि आईटीआई की ओर से अरमान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट लिए।
203 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आईटीआई क्रिकेट एकेडमी ने 13.5 ओवर में पांच विकेट पर 159 रन बना लिए थे। अरमान ने 40 और जैद ने 38 रन बनाए। एलाइट की ओर से राघव ने तीन और पार्थ ने दो विकेट हासिल किए। इसके बाद बारिश शुरू होने से मैच आगे नहीं खेला जा सका और दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि विवेक कोहली ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान किए। विश्व को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, पार्थ को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और जैद को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। इस अवसर पर आईटीआई के प्रधानाचार्य संजीव कुमार, रजनी, खुशबू, क्रिकेट कोच अतहर अली तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कुलदीप ने किया।
अन्य खेलों के खिलाड़ियों का भी हुआ सम्मान
समारोह में क्रिकेट के साथ अन्य खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। कुश्ती के साक्ष्य और रोहित यादव, भारत अंडर-19 टीम की खिलाड़ी पारुणिका सिसोदिया और खुशी असवाल, बैडमिंटन के मिताशी चौहान तथा गर्वित त्रिपाठी सहित कई खिलाड़ियों को खेल सामग्री प्रदान की गई।
विवेक कोहली ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा। यदि किसी खिलाड़ी को किसी भी खेल के लिए खेल सामग्री की आवश्यकता हो तो वह उनसे संपर्क कर सकता है। खिलाड़ियों को क्रिकेट सामग्री स्टेनफोर्ड प्राइवेट लिमिटेड, ईएम स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, आरआर स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और ग्लोबल स्टैग प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से उपलब्ध कराई गई।


No comments:
Post a Comment