गन्ना उपज में मेरठ परिक्षेत्र का दम, प्रदेश के टॉप-10 में पांच जिले शामिल

मेरठ। पेराई सत्र 2025-26 में गन्ना उत्पादकता के मामले में मेरठ परिक्षेत्र ने प्रदेशभर में शानदार प्रदर्शन किया है। शीर्ष-10 सर्वाधिक औसत गन्ना उपज वाले जिलों में मेरठ परिक्षेत्र के पांच जिलों ने स्थान बनाया है, जबकि सात में से छह जिलों की औसत उपज प्रदेश की औसत 825.56 क्विंटल प्रति हेक्टेयर से अधिक रही।

उप गन्ना आयुक्त यशपाल सिंह ने बताया कि मुख्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार बागपत ने 914.16 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की औसत उपज के साथ परिक्षेत्र में पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद गाजियाबाद (908.68), मेरठ (888.68), बुलंदशहर (886.64), अलीगढ़ (857.88) और हापुड़ (846.60) क्विंटल प्रति हेक्टेयर औसत उपज दर्ज कर प्रदेश की औसत से बेहतर प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि यह सफलता किसानों की मेहनत, उन्नत गन्ना प्रजातियों के उपयोग, वैज्ञानिक खेती, संतुलित पोषण प्रबंधन, प्रभावी सिंचाई व्यवस्था और विभागीय तकनीकी मार्गदर्शन का परिणाम है। सहकारी गन्ना समितियों के सहयोग तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने से उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

यशपाल सिंह ने कहा कि मेरठ परिक्षेत्र केवल गन्ना क्षेत्रफल के लिहाज से ही नहीं, बल्कि प्रति हेक्टेयर उत्पादकता के मामले में भी प्रदेश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल है। विशेष रूप से बागपत, गाजियाबाद, मेरठ और बुलंदशहर का प्रदर्शन अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक है।

उन्होंने बताया कि आगामी पेराई सत्र में उन्नत बीज, वैज्ञानिक खेती, जल प्रबंधन और विभागीय तकनीकी मार्गदर्शन को और अधिक प्रभावी बनाकर गन्ना उत्पादकता बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि किसानों की आय में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts