यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास जहाज पर मिसाइल हमला, चार भारतीय नाविकों की मौत; भारत ने जताया कड़ा विरोध

नई दिल्ली, 20 जुलाई। यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए मिसाइल हमले में चार भारतीय नाविकों सहित नौ लोगों की मौत हो गई। भारत सरकार ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है।

विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, 19 जुलाई की शाम ओडेसा बंदरगाह से रवाना होते समय एमवी गोल्डन लियो (MV Golden Leo) पर मिसाइल हमला हुआ। जहाज पर कुल 17 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक शामिल थे। हमले में चार भारतीयों की मृत्यु हो गई, जबकि एक भारतीय नाविक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित भारतीय नागरिकों तथा उनके परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है। मंत्रालय ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायल नाविक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

भारत ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना, निर्दोष नाविकों की जान जोखिम में डालना तथा समुद्री व्यापार और नौवहन की स्वतंत्रता में बाधा उत्पन्न करना अत्यंत चिंताजनक है और ऐसे हमलों से बचा जाना चाहिए।

मृत भारतीय नाविकों में केरल के कासरगोड निवासी अखिल जोयन (26) भी शामिल हैं, जो पिछले पांच वर्षों से समुद्री सेवा में कार्यरत थे। जहाज गिनी-बिसाऊ के ध्वज के तहत संचालित हो रहा था और अनाज लेकर रवाना हुआ था। चालक दल में भारत और सीरिया सहित विभिन्न देशों के नागरिक शामिल थे।

जहाज के स्वामित्व वाली कंपनी ने पुष्टि की है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई, जबकि अन्य चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। कंपनी ने बताया कि मृतकों के शव उनके देशों तक पहुंचाने और आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए संबंधित दूतावासों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में ओडेसा क्षेत्र में हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसका निशाना ईंधन भंडारण सुविधा थी, हालांकि हमले के कारण नागरिक और समुद्री क्षेत्र भी प्रभावित हुए हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts