कांवड़ सेवा शिविरों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से होगा पालन
बिना अनुमति नहीं लगेगा कोई शिविर, कावड़ यात्रा को लेकर सीसीएसयू में बैठक का आयोजन
मेरठ। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर बुधवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह की अध्यक्षता में कांवड़ सेवा शिविर संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा मार्ग पर लगाए जाने वाले सेवा शिविरों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शिविर संचालकों ने अनुमति, विभिन्न विभागों से एनओसी, बिजली, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिविर संचालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह ने स्पष्ट कहा कि सभी सेवा शिविर निर्धारित मानकों के अनुरूप ही लगाए जाएंगे। बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी भी शिविर की स्थापना नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर संचालक सुरक्षा संबंधी सभी नियमों और प्रशासन द्वारा निर्धारित शर्तों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दी जाए।
उन्होंने कहा कि शिविरों में श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किसी भी स्थिति में न किया जाए। शिविर सड़क से निर्धारित दूरी पर ही लगाए जाएं और किसी भी खतरे वाले स्थान पर शिविर स्थापित न किए जाएं। सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
एडीएम सिटी ने प्लास्टिक मुक्त शिविरों पर भी जोर देते हुए कहा कि सभी शिविर संचालक स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर संचालकों के साथ समन्वय बनाकर उनकी समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराया जाए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।
बैठक में एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांवड़ सेवा शिविर संचालक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment