किसान दिवस बैठक में 11 नई शिकायतें, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

मेरठ। विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस बैठक आयोजित हुई। बैठक में किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पिछले माह प्राप्त छह शिकायतों की समीक्षा की गई। इस दौरान एनएचएआई से संबंधित शिकायतों पर प्रस्तुत आख्या संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने उसे वापस करते हुए गुणवत्तापूर्ण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में किसानों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी 11 नई शिकायतें भी दर्ज कराईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का गंभीरता से समाधान कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का कम उपयोग करने तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के लिए किसी कृषि विश्वविद्यालय अथवा कुरुक्षेत्र में जैविक खेती के प्रशिक्षण एवं अध्ययन भ्रमण की व्यवस्था की जाए, ताकि वे आधुनिक एवं टिकाऊ खेती की तकनीकों से परिचित हो सकें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts