13 किलो सोना, 9 किलो चांदी, ₹1.62 करोड़ नकद!

 रिटायर्ड ARTO के घर छापे में करोड़ों की संपत्ति, जांच एजेंसी भी रह गई दंग

आगरा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के सेवानिवृत्त एआरटीओ (प्रवर्तन) ललित कुमार एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है उनके लखनऊ स्थित आवास पर विजिलेंस की छापेमारी, जहां से जांच टीम ने भारी मात्रा में सोना-चांदी, करोड़ों रुपये की नकदी और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद करने का दावा किया है।

जांच के दौरान अधिकारियों को घर में कई लॉकर मिले। तलाशी में करीब 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी, ₹1.62 करोड़ नकद, सोने-चांदी के बिस्किट और कीमती आभूषण बरामद होने की बात सामने आई। सरकारी मान्यता प्राप्त वैल्यूअर के अनुसार बरामद आभूषणों और बिस्किटों की कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इसके अलावा करीब 13 करोड़ रुपये के निवेश संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं।

इतना ही नहीं, जांच में टोयोटा इनोवा, हुंडई आई-20, रिवॉल्वर, बैंक खातों, पोस्ट ऑफिस योजनाओं, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में 1 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के साक्ष्य भी मिलने का दावा किया गया है।

ललित कुमार अक्टूबर 2020 से अक्टूबर 2025 तक आगरा में एआरटीओ (प्रवर्तन) के पद पर तैनात रहे। उनके कार्यकाल के दौरान वाहन चेकिंग, कथित अवैध वसूली और टोल प्लाजा पर विवाद जैसे कई मामले चर्चा में रहे। विभाग को उनके खिलाफ कई शिकायतें मिलीं, लेकिन किसी भी मामले में निर्णायक कार्रवाई नहीं हुई।

अब विजिलेंस की कार्रवाई के बाद यह मामला फिर सुर्खियों में है। जांच एजेंसी बरामद संपत्तियों के स्रोत और आय के अनुपात से अधिक संपत्ति के पहलू की गहन जांच कर रही है।

(नोट: यह खबर जांच एजेंसी द्वारा किए गए दावों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और किसी भी कानूनी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी बाकी है।)

No comments:

Post a Comment

Popular Posts