फीफा वर्ल्ड कप का खुमार...
फीफा विश्व कप फाइनल के लिए मुंबई में होटल-रेस्तरां सुबह 4 बजे तक खुले रहेंगे
मुंबई, 19 जुलाई। फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर फुटबॉल प्रेमियों के लिए महाराष्ट्र सरकार ने विशेष व्यवस्था की है। सरकार ने राज्य के होटल, रेस्तरां और अन्य भोजनालयों को 19 जुलाई की रात से अगले दिन सुबह 4 बजे तक खुले रखने की अनुमति प्रदान की है, ताकि प्रशंसक सामूहिक रूप से मैच का आनंद ले सकें।
यह निर्णय नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के अनुरोध पर लिया गया। फाइनल मुकाबला अर्जेंटीना और स्पेन के बीच न्यूयॉर्क में खेला जाएगा, जिसका भारत में प्रसारण देर रात होगा।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, होटल और रेस्तरां संचालकों को पर्याप्त निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने होंगे तथा परिसर के भीतर और बाहर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की पूरी जिम्मेदारी उनकी होगी। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर संबंधित प्रतिष्ठान के मालिक के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।
इसके अलावा, सभी प्रतिष्ठानों को ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों तथा सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। यह अनुमति केवल बंद (इनडोर) परिसर में संचालित प्रतिष्ठानों के लिए लागू रहेगी।
स्थानीय पुलिस प्रशासन को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए इस अनुमति में बदलाव या छूट देने से इनकार करने का अधिकार भी होगा।
महाराष्ट्र सरकार के इस फैसले से फुटबॉल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। उम्मीद है कि बड़ी संख्या में प्रशंसक होटल और रेस्तरां में एकत्र होकर विश्व कप फाइनल का रोमांचक मुकाबला देख सकेंगे।


No comments:
Post a Comment