सीसीएसयू के 38वें दीक्षांत समारोह का लोगो जारी
ज्ञान, गौरव और उत्कृष्टता का प्रतीक है नया लोगो : कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला
मेरठ, 14 जुलाई। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह के आधिकारिक लोगो का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लोगो का अनावरण करते हुए कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी विद्यार्थी के जीवन का सबसे गौरवपूर्ण और महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। यह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि वर्षों के परिश्रम, अनुशासन, ज्ञानार्जन और उपलब्धियों का उत्सव भी है।
उन्होंने कहा कि 38वें दीक्षांत समारोह का नया लोगो विश्वविद्यालय की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा, उत्कृष्टता, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह विद्यार्थियों को ज्ञान, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कुलपति ने कहा कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक सरोकार और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष का दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी और अविस्मरणीय रहेगा तथा उन्हें समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को नई जिम्मेदारियों और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।


No comments:
Post a Comment