विद्युत आपूर्ति की समस्या को लेकर अधिकारियों से वार्ता, समाधान कराया
मेरठ। विद्युत आपूर्ति में व्यवधान एवं लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान आम जनता की समस्याओं के निस्तारण के लिए कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने रविवार को एम.ई.एस. बिजली घर, ट्रांसपोर्ट नगर बिजली घर तथा खड़ौली बिजली घर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतों की जानकारी ली और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से वार्ता की।
विधायक अमित अग्रवाल ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रबंध निदेशक (एम.डी.) पीवीवीएनएल, चीफ अर्बन, अधीक्षण अभियंता (एस.ई.) विद्युत तथा 33 केवी उपकेंद्र के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) से दूरभाष पर बातचीत कर विद्युत आपूर्ति में आ रही समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाने की प्रक्रिया शुरू कराई गई।
विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि आम जनता को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा या अनावश्यक कटौती की शिकायत मिलने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


No comments:
Post a Comment