एलएलबी में प्रवेश के लिए आज से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु सोमवार, 13 जुलाई से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिए हैं। विश्वविद्यालय परिसर, संबद्ध कॉलेजों और संस्थानों में प्रवेश के लिए आवेदन समर्थ पोर्टल के माध्यम से किए जाएंगे।
अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर एडमिशन-2026-27 लिंक के जरिए आवेदन कर सकेंगे। पंजीकरण के लिए 130 रुपये का ऑनलाइन शुल्क निर्धारित किया गया है। एक ही पंजीकरण के माध्यम से अभ्यर्थी अधिकतम तीन कॉलेजों या विश्वविद्यालय विभागों का विकल्प चुन सकेंगे।
प्रवेश समन्वयक प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध कॉलेज निर्धारित समयावधि में आरक्षण नियमों के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट और प्रतीक्षा सूची तैयार कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेंगे।
उन्होंने सभी संबद्ध कॉलेजों और संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि प्रवेश से पहले संबंधित पाठ्यक्रम की सत्र 2026-27 की संबद्धता तथा समर्थ पोर्टल पर प्रदर्शित स्वीकृत सीटों का सत्यापन अवश्य कर लें। किसी प्रकार की त्रुटि होने पर तत्काल विश्वविद्यालय को सूचित किया जाए।
दीक्षांत समारोह तक अवकाश निरस्त
22 जुलाई को प्रस्तावित 38वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के मद्देनजर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए हैं। कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह के अनुसार समारोह तक सभी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक विभाग अवकाश के दिनों में भी कार्य करेंगे। विशेष परिस्थितियों में कुलपति की अनुमति से ही अवकाश स्वीकृत किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment