सीसीएसयू कार्य परिषद की बैठक में 54 शोध उपाधियों व 186 मेधावियों को पदक देने पर मुहर
प्रो. संगीता शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक, कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं शैक्षणिक निर्णय लिए गए
मेरठ, 14 जुलाई। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की अध्यक्षता में मंगलवार को कुलपति कार्यालय के भूतल स्थित कमेटी हॉल में कार्य परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में कार्य परिषद की 8 जून 2026, वित्त समिति की 7 जुलाई 2026 तथा परीक्षा समिति की 7 जुलाई 2026 को हुई बैठकों के कार्यवृत्तों की पुष्टि की गई।
कार्य परिषद ने 54 शोधार्थियों को पीएचडी (शोध) उपाधि प्रदान करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी।
बैठक में विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह में वर्ष 2026 की श्रेष्ठता सूची के आधार पर 186 मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न पदक प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इनमें एक कुलाधिपति स्वर्ण पदक, एक पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक, किसान ट्रस्ट (नई दिल्ली) द्वारा प्रायोजित चौधरी चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार के दो पदक, 119 कुलपति स्वर्ण पदक, 62 प्रायोजित स्वर्ण पदक तथा वर्ष 2025 का एक लंबित कुलपति स्वर्ण पदक शामिल है।
बैठक में स्ववित्तपोषित योजनाओं के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न संस्थानों में चयन समिति की संस्तुति पर नियुक्तियों को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता को एक्रीडिटेशन एवं रैंकिंग निदेशक, डॉ. अंशु चौधरी को इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस स्टडीज का उपनिदेशक तथा डॉ. अलका तिवारी को फाइन आर्ट संस्थान का उपनिदेशक नियुक्त किया गया।
कैरियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) के अंतर्गत चयन समिति की संस्तुति पर डॉ. योगेंद्र गौतम को सहयुक्त आचार्य तथा प्रो. भूपेंद्र सिंह (सांख्यिकी विभाग) और प्रो. आर.के. सोनी को वरिष्ठ आचार्य पद पर पदोन्नति प्रदान करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव सहित कार्य परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। पूर्व न्यायमूर्ति आर.बी. मिश्रा एवं शर्मिला शर्मा ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए। इसके अलावा डिप्टी रजिस्ट्रार सत्य प्रकाश तथा विश्वविद्यालय के प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता भी बैठक में मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment