प्लॉट दिखाने के बहाने ले गया बाहर, घर से उड़ाए 2.90 करोड़
मथुरा पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा
मथुरा। थाना जैंत क्षेत्र के सुनरख में हुई 2.90 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 करोड़ रुपये नकद सहित कुल 2.60 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। बरामदगी में लग्जरी कार, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान भी शामिल है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि गुजरात निवासी राकेश प्रजापति वृंदावन में रहकर भक्ति कर रहे थे। उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी फ्लैट में सुरक्षित रखी हुई थी। आरोपियों ने पहले उनसे जान-पहचान बढ़ाई और फिर सुनियोजित साजिश के तहत एक आरोपी उन्हें प्लॉट दिखाने के बहाने घर से बाहर ले गया। इसी दौरान उसके साथियों ने फ्लैट का ताला तोड़कर अलमारी और दीवान में रखे करीब 2.90 करोड़ रुपये चोरी कर लिए।
घटना के बाद आरोपियों ने पीड़ित को शिकायत न करने के लिए धमकाने का प्रयास भी किया। हालांकि पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना जैंत पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 14 जुलाई की तड़के सुनरख रोड से एनएच-19 की ओर जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई करते हुए राजन (फरीदाबाद), आलोक (कुशीनगर), प्रेम सागर और हीरेन (सूरत) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 करोड़ रुपये नकद, एक वोक्सवैगन वर्टस कार, घटना में प्रयुक्त टाटा पंच कार, सोने-चांदी के आभूषण, ब्रांडेड घड़ियां, कपड़े, जूते, चार मोबाइल फोन तथा अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


No comments:
Post a Comment